सोमवार, 15 मई 2017

बॉलीवुड में चौथे और उठावने का ग्‍लैमर

सितारा समाज में सम्बन्ध, कृपणता और संवेदनहीनता



हिन्दी सिनेमा के एक बड़े सितारे विनोद खन्ना अब स्मृति शेष हैं। सोशल मीडिया में तमाम उत्साही, बौराये और मूर्ख किस्म के व्यग्र लोगों ने उनको महीने भर पहले से ही परलोक भेज दिया था। यह तो था कि वे गम्भीर रूप से बीमार थे जिसकी परिणति अन्ततः मृत्यु हुई लेकिन उसके अगले दिन ट्विटर पर अभिनेता ऋषि कपूर ने जिस तरह से दो-एक लोगों को आड़े हाथों लेते हुए इस बात को शिद्दत से उठाया कि विनोद खन्ना के अन्तिम संस्कार के समय ऐसे बहुत से लोग दिखायी नहीं दिये जिनके साथ विनोद खन्ना का लम्बा जुड़ाव रहा है या जिनके साथ विनोद खन्ना ने ज्यादातर काम किया है। इस बात को ज्यादा तूल देने का कोई अर्थ इसलिए नहीं था कि हमारे सितारों की आँखों में प्रायः एक बड़ा सा काला चश्मा चढ़ा रहता है जिससे वे अपने सारे भाव छिपाये रहते हैं। सार्वजनिक रूप से उनकी उपस्थिति इसी बड़े से काले चश्मे के साथ हुआ करती है जिससे कुछ भी जाहिर नहीं होता। वे बाकायदा सफेद परिधान का चयन करते हैं या ऐसे अवसरों के लिए तैयार करते रखते हैं और अपने आपको पूरी तरह आवरण में लपेटकर चुनिन्दा या तयशुदा घटनाओं या हादसों में उपस्थित होकर अपनी संवेदना प्रकट करने का अभिनय करते हैं। 

विनोद खन्ना एक बड़े सितारे थे। आखिरी समय तक अच्छे काम की कमी उनको कभी नहीं रही। उनका मान-सम्मान भी बहुत था क्योंकि सम्बन्धों के मामलों में वे निर्विवाद रहा करते थे। तब भी उनके संगी साथी, सहकर्मी नहीं जुटे, यह बात उस निर्मम सत्य की ओर इशारा करती है जिसका आदी मुम्बइया सिनेमा समाज लगभग पचास सालों में खूब हो गया है। यहाँ अब सारे रिश्ते संवेदना से उठकर लाभ-हानि के हो गये हैं। आपस में एक-दूसरे की जरूरत या वकत तभी तक है जब तक आप लाभ देने के योग्य हैं। आपसे हानि उठाकर आपको कोई सिर पर बैठाकर नहीं रखेगा। ऐसा दिल बहुत कम लोगों का होता है। एक घटना की बात सिनेमा जगत के इतिहास में दर्ज है जिसमें लव एण्ड गाॅड में काम करते हुए अभिनेता गुरुदत्त नहीं रहे थे तब शोकाकुल माहौल में निर्माता के आसिफ से कान में किसी ने पूछा था कि आपका तो बड़ा नुकसान हो गया, इनके चले जाने से तब जानते हैं आसिफ का जवाब क्या था, आपको शर्म आनी चाहिए, ऐसे वक्त यह बात कर रहे हैं जब मेरा एक अच्छा दोस्त मुझे छोड़कर चला गया। वे सज्जन आसिफ के जवाब से हतप्रभ रह गये थे। 

फिल्मी दुनिया में कलाकारों की मृत्यु पर संवेदना प्रकट करने जाना साथी सितारों के लिए एक अलग तरह की जद्दोजहद का काम होता है। ज्यादातर लोग शूटिंग पर हुआ करते हैं। ज्यादातर लोग शूटिंग जारी रखते हैं। कुछ संवेदना में अपनी शूटिंग निरस्त करते हैं तो कुछ चुपके से अपना काम पूरा करना चाहते हैं वरना दिन भर का नुकसान कौन भुगतेगा। ज्यादातर लोगों को चौथे की प्रतीक्षा रहती है। उस दिन सबका जाना, एक तरह से सबसे मिलने जैसा ही होता है और शोकाकुल परिवार का दुख जरा-बहुत कम भी हो जाता है। कितनी ही घटनाएँ इस रंगीन संसार की कृपणता की बात सामने लाती हैं। अभिनेत्री कुक्कू से लेकर, अभिनेता भगवान और इधर दिनेश ठाकुर से लेकर राममोहन और ओमपुरी और विनोद खन्ना तक सैकड़ों किस्से होंगे। जब शक्ति सामन्त नहीं रहे थे तो इस बात को ध्यान से देखा गया था कि राजेश खन्ना उनकी अन्तिम यात्रा में शामिल नहीं हुए थे, शायद चौथे में भी नहीं। 

अभिनेता और बड़े अच्छे गीतकार स्वर्गीय गुलशन बावरा को कौन नहीं जानता। उनसे आत्मीय अपनापन था। वे कैंसर की बीमारी का शिकार हुए। उनके बच्चे नहीं थे, पत्नी अंजु के साथ उनका सुखमय जीवन था। वे बड़े संवेदनशील थे। अपने आसपास फिल्मी दुनिया के चलन और उसके नकलीपन से वे बहुत व्यथित रहते थे। जीवन के आखिरी समय तक उन्होंने पत्नी को नहीं बताया था कि वे अपनी देहदान कर चुके हैं लेकिन वे यह जरूर कहते थे कि मेरा चौथा मत करना। मैं नहीं चाहता कि मेरे मरने के बाद वे चार लोग आकर झूठी हमदर्दी जतायें तो मेरे कभी अपने नहीं रहे। ऐसे निर्णय करने वाला शख्स निश्चित ही अपने संसार को बेहतर जानता था।

वास्तव में यह हमारे समय और संसार की ऐसी गिरावट का यथार्थ है जिसमें रचनात्मक और सर्जनात्मक समाज के लोग यह सब कर रहे हैं, वे लोग जो परदे पर कितनी तरह की भूमिकाओं में बंधते हैं, आपस में दिखावे के लिए अपनापन बखान करते हैं, दुख-सुख और तकलीफों में गलदश्रु बहाने वाले गाने गाते हैं, पता चला शाॅट खत्म हो जाने के बाद एक-दूसरे की सूरत देखना नहीं चाहते या एक-दूसरे को फूटी आँख नहीं सुहाते। न जाने हम जब ऐसे आज की बात कर रहे हैं तो आने वाले कल क्या होगा?


गुरुवार, 11 मई 2017

नाटक - गजमोक्ष (gajmoksha - drama)


नाटक - गजमोक्ष

(तथागत बुद्ध की जातक कथा पर आधारित)


निर्देशक - के. जी. त्रिवेदी
लेखक - सुनील मिश्र
संगीत - सुरेन्‍द्र वानखेड़े

सारांश


तथागत बुद्ध की संवेदनशील और प्रेरणीय जातक कथा पर आधारित यह नाटक हर हृदय पर अपना गहरा प्रभाव छोड़ता है। यह एक लालची आदमी और तथागत के अवतार हाथी गजराज की मैत्री की कहानी है जिसमें गजराज आदमी की वृत्ति और प्रवृत्ति जानते हुए भी देवत्‍व की महान परम भावना के अनुरूप अपने बहुमूल्‍य दांत दे देते हैं लेकिन कृतघ्‍न आदमी के मन में जो कुटैव है वह उसके भारी दण्‍ड का कारण बनता है। मित्रता को ठोकर मारने वाला आदमी, धरती फट जाती है और उसमें समा जाता है।

गजमोक्ष का प्रथम प्रदर्शन दो वर्ष पहले साॅंची में हुआ था। उसके बाद भोपाल, महाकुम्‍भ सिंहस्‍थ उज्‍जैन, नई दिल्‍ली और पुन: भोपाल में इसके प्रदर्शन हुए हैं। यह नाटक यों तो सभी के लिए प्रेरणा है लेकिन अविभावक आज के समय में अपने बच्‍चों को गजमोक्ष दिखाते हैं तो सम्‍भव: बच्‍चों को संस्‍कारशील और नैतिक मनुष्‍य बनाने का स्‍वप्‍न देखने वाले प्रत्‍येक माता-पिता की ओर से अपने बच्‍चों के लिए यह खूबसूरत, सुन्‍दर सा, लिरिकल उपहार होगा।

मंचन के लिए गजमोक्ष देश-दुनिया में कहीं भी निमंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए नीचे उल्‍लेखित ईमेल पर प्रस्‍ताव कर सकते हैं.......

Email

sunilmishrbpl@gmail.com

kgtrivedi2010@gmail.com


शनिवार, 6 मई 2017

के. विश्‍वनाथ/दादा साहब फाल्के अवार्ड


व्यक्तित्व और सर्जना में एक योगी फिल्मकार





ऐसा कभी-कभार ही देखने में आता है जब हमें सच्चे फिल्मकार के व्यक्तित्व में कोई साक्षात योगी दीखे। इसी सप्ताह जब दक्षिण के महान फिल्मकार, निर्देषक एवं अभिनेता के. विश्‍वनाथ को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी अड़तालीसवें दादा साहब फाल्के सम्मान से विभूषित कर रहे थे तब उनके योगदान का मस्तिष्क में पुनरावलोकन करते हुए यह बात मन में आयी। इधर हमारे हिन्दी जगत या संसार में कहें तो इस बात को लेकर कोई रोचकता या सुखद आभास प्रतीत नहीं होता, यह जानकर भी कि के. विश्‍वनाथ ऐसे फिल्मकार हैं, जिन्होंने हिन्दी में भी कम से कम दस फिल्में बनायीं हैं सरगम, कामचोर, शुभकामना, जाग उठा इन्सान, संजोग, सुर संगम, ईश्‍वर, संगीत, धनवान और औरत औरत औरत। शायद ही किसी को याद हो कि सतीश्‍ा कौशिक ने जब अनिल कपूर के साथ बधाई हो बधाई फिल्म का निर्देशन किया था तो वे के. विश्‍वनाथ को इस फिल्म में एक चरित्र निभाने के लिए राजी करके बड़े खुश हुए थे, मिस्टर डिसूजा का। इस तरह सतीश्‍ा  कौशिक को यह श्रेय जाता है कि के. विश्‍वनाथ को निर्देश्‍ाक के रूप में हिन्दी सिनेमा में जानने वाले लोग अच्छे चरित्र अभिनेता के रूप में उनकी इस फिल्म से जानते हैं। 

सामाजिक चेतना अब बहुत सारे एकालाप में इतनी मषगूल है कि उसे घटित होते ऐसे यशस्‍वी क्षण रोमांचित नहीं करते। उत्कृष्ट सिनेमा के निर्माण का श्रेय जिन्हें प्राप्त है, उनकी हमारे बीच उपस्थिति और उनका मान-सम्मान बहुत मायने रखता है। वास्तव में दरअसल ये ही वे विभूतियाँ हैं जिनकी वजह से सिनेमा के स्वर्णयुग या स्वर्णिम दौर की चर्चा की जाती है और की जाती रहेगी। क्या हमारा जनमानस बहुत से निरर्थक फितूरों से बाहर या बाज आकर थोड़ा-बहुत समय अपनी सांस्कृतिक विरासत और खुद की रचनात्मक चेतना के लिए भी नहीं संजोना चाहता?

खैर, ऐसा हो, न हो तब भी हमारी सांस्कृतिक विरासत को समय-समय पर समृद्ध होने से कोई रोक नहीं सकता, दरअसल यह रोके रुकेगी भी नहीं क्योंकि प्रत्येक कालखण्ड में यदि इतनी भी सजगता समय के साथ है कि के. विष्वनाथ को फाल्के अवार्ड की चयन समिति इस सम्मान के लिए चुनती है तो यह सम्मान की भी सार्थकता है। के. विश्‍वनाथ दक्षिण भारतीय, विषेषकर तेलुगु सिनेमा के शीर्षस्थ फिल्मकारों में सम्मानित हैं जिनकी फिल्मों न केवल आंध्रप्रदेश्‍ा  राज्य के सिनेमा के बीस पुरस्कार जीते बल्कि पाँच नेश्‍ानल अवार्ड, अनेक फिल्मफेयर अवार्ड और एक एकेडमी अवार्ड भी हासिल किया। अपने लगभग साठ साल के सिनेमाई योगदान में लगभग साठ से भी ज्यादा फिल्में उनके सृजन का बड़ा साक्ष्य हैं। सिनेमा में उनकी प्रतिष्ठा एक ऐसे अविभावक, पितामह की होती है जिनके प्रति नंदमूरि तारक रामाराव, शोभन बाबू, कमल हसन, रजनीकान्त, चिरंजीवी, ऋषि कपूर, मिथुन चक्रवर्ती, जयाप्रदा, माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी जैसे बड़े सितारे सदैव कृतज्ञ भाव रखते रहे। के. विश्वनाथ का सिनेमा सशक्त पटकथा, प्रभावी सम्प्रेषण, प्रतिबद्ध निर्वाह और सांस्कृतिक चेतना तथा विश्वसनीयता का ऐसा प्रमाण है जिसका समानान्तर उदाहरण किसी दूसरे व्यक्तित्व में नजर नहीं आता। 
उनकी सप्तपदी, स्वयंकृषि, शुभालेखा, सूत्रधारालु वे बहुचर्चित फिल्में हैं जिनमें दहेज, अस्पृश्यता और हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी ढंग से सार्थक विचार रखा गया है जो देखने वाले को झकझोरकर रख देता है। ऐसे ही उनकी सारदा और सिरीवेल्केला शारीरिक और मानसिक निशक्तता को केन्द्र में रखकर जो कथानक प्रस्तुत करती हैं, जिस तरह से हमें हमारी जिम्मेदारियों के प्रति जाग्रत करती हैं, वो अचम्भित करके रख देता है। के. विश्वनाथ वो फिल्मकार हैं जिनके बारे में यह अनुशासन जाहिर है कि वे विषयों को समझकर उसके संवेदनशील निर्वाह की जैसी दृष्टि रखते हैं वो विलक्षण है। एक पटकथाकार, एक निर्देशक के रूप में वे अपने माध्यम के प्रति अगाध निष्ठा रखने वाले फिल्मकारों में से एक हैं। लगभग सत्यासी वर्ष की आयु में सिनेमा का सबसे बड़ा गौरव सम्मान ग्रहण करते हुए उनके व्यक्तित्व पर प्रतिभा की चमक देखते ही बनती है। एक ऐसा फिल्मकार जो एक समय में समानान्तर और मुख्यधारा के सिनेमा में समान रूप से आदर रखता हो, के. विश्वनाथ के अलावा और कोई नहीं है। 

के. विश्वनाथ का यश तेलुगू सिनेमा के साथ-साथ तमिल और हिन्दी सिनेमा में भी समान रूप से फैला हुआ है। यह जानना दिलचस्प ही होगा कि उनका कैरियर एक साउण्ड रिकाॅर्डिस्ट के रूप में तेलुगू सिनेमा से आरम्भ हुआ था। आगे चलकर वे कहानी और पटकथा लेखक के रूप में सक्रिय हुए और अवसर पाने पर सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया। वे लम्बे समय ए. सुब्बाराव, के. बालचन्दर, बापू आदि निर्देशकों के सहायक रहे। यह सब करते हुए उनको यदाकदा कुछ भूमिकाएँ मिलीं तो वो भी उन्होंने करनी चाहीं। गुणी निर्देशकों के साथ काम करते हुए फिल्म निर्माण की उनकी स्वयं की दृष्टि और प्रखर, परिमार्जित और परिष्कृत होकर सामने आयी जब उनको पहली फिल्म बतौर निर्देशक करने को मिली और इस फिल्म को आंध्रप्रदेश सरकार ने सिनेमा के प्रतिष्ठित नांदी अवार्ड से सम्मानित किया। यह फिल्म थी आत्मगौरवम जिसमें अक्कीनेनी नागेश्वर राव ने नायक की भूमिका निभायी थी। इसके बाद वे निरन्तर एक के बाद एक उत्कृष्ट फिल्में बनाते गये। उनकी फिल्मों को पसन्द करने वाला एक विशाल-विराट दर्शक वर्ग था जिसकी सीमा प्रान्त या देश नहीं बल्कि दुनिया तक विस्तारित थी तभी स्वयम्कृषि, स्वाति किरनम और स्वर्णकमलम जैसी फिल्मों को ताशकन्द, मास्को, फ्रांस और एशिया पेसीफिक में देखा और सराहा गया और ये फिल्में इन जगहों तक अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का हिस्सा बनकर पहुँचीं।

शंकराभरणम, सप्तपदी, स्वाति मुथयम, सूत्रधारालु और स्वराभिषेक के. विश्वनाथ की वे फिल्में थीं जिनको नेशनल अवार्ड प्राप्त हुए बल्कि स्वाति मुथयम को इस बात का श्रेय जाता है कि वह उनसठवें अकादमी अवार्ड को हासिल करने वाली श्रेष्ठ विदेशी फिल्म के रूप में पुरस्कृत हुई थी। के. विश्वनाथ बतौर चरित्र भूमिका 1995 में शुभसंकल्पम फिल्म में आये और इस आयाम में ऐसे सराहे गये, ऐसे रमे कि फिर नरसिम्हा नायडू, पुडिया गीतई, टैगोर, स्वराभिषेकम, पाण्डुरंगाडु में उनके चरित्रों को दर्शकों ने खूब पसन्द किया। उनकी फिल्में जिस तरह से सामाजिक सरोकारों, विद्रूपताओं, विसंगतियों को रेखांकित करने वाली मनोरंजक और प्रेरक होती थीं उसी प्रकार वे कला, संगीत, संस्कृति के विभिन्न आयामों की पृष्ठभूमि में अनेक महत्वपूर्ण विषयों के साथ कला और साधना की परम्परा, ऐतिहासिकता, अस्तित्व और सच्चे तथा प्रतिबद्ध साधक गुरुजनों की संजोयी-संचित करके रखी गयी सांस्कृतिक थाती का भी वह दर्शक प्रभावी और समृद्ध ढंग से कराते थे कि लगता ही नहीं था कि सामने परदे पर हम जो देख रहे हैं वह सदियों पहले की मूल्यवान सन्निधियाँ हैं या हमारे आनंद के साथ-साथ विरासत के पुनस्मर्रण का ईमानदार, सार्थक और सच्चा सर्जनात्मक प्रयत्न! ऐसी फिल्मों में हम शंकराभरणम, सागरसंगमम, सुरसंगम, स्वातिकिरणम आदि को भूल नहीं सकते। 

निरन्तर दूसरी सदी में सिनेमा इतिहास के इन लगभग एक सौ पन्द्रह वर्षो में के. विश्वनाथ का स्थान बहुत सम्मानजनक है। हिन्दी सिनेमा में राकेश रोशन और टी सीरीज जैसे निर्माताओं को इस बात का श्रेय है कि वे ऐसे महान फिल्मकार से कुछ फिल्में ऐसी बनवा सके जिनका स्मरण-स्पर्श हमें उन स्मृतियों में ले जाने में सफल होता है जब ऋषि कपूर और जयाप्रदा अभिनीत सरगम याद आ जाती है, राकेश रोशन और जयाप्रदा अभिनीत कामचोर याद आ जाती है, जैकी श्राॅफ और माधुरी दीक्षित अभिनीत संगीत याद आ जाती है या अनिल कपूर और विजयाशान्ति अभिनीत ईश्वर याद आ जाती है। के. विश्वनाथ का सम्मान इन मायनों मेें सिनेमा की सार्थकता में विश्वास करने वाले, सार्थकतापूर्वक सर्जनात्मक उद्यम करने वाली विभूति का सम्मान है। 



गुरुवार, 4 मई 2017

याद / विनोद खन्‍ना

अपनी बनायी छबियों को लाँघता एक कलाकार



यह सत्तर के दशक से थोड़ा पहले की बात रही होगी, अभिनेता, निर्देशक और निर्माता सुनील दत्त अपनी फिल्म मन का मीत में एक बहुत ताजा, युवा चेहरा प्रस्तुत करते हैं जिसका नाम विनोद खन्ना था। दर्शकों के सामने लगभग बाइस साल का यह सुन्दर, छरहरा और स्मार्ट युवा नकारात्मक भूमिका में अपना प्रभाव छोड़ जाता है और कहीं न कहीं सुनील दत्त को लगता है कि आने वाले समय में इस लड़के का भविष्य बहुत अच्छा हो सकता है यदि मौके ठीक-ठाक मिलते रहें। फिल्मों में प्रवेश से लेकर सारी जिन्दगी विनोद खन्ना भले परदे पर एक से बढ़कर एक दुर्दान्त नकारात्मक चरित्र निबाहते रहे लेकिन अपने जीवन में विनम्र और शिष्टाचारी रहे, यही कारण था कि उनकी व्यवहारकुशलता के कारण जिससे जुड़े, रिश्ते निबाहते चले गये। यही कारण था कि वे सुनील दत्त के साथ ही मनोज कुमार, गुलजार, मेहमूद आदि के साथ अपनी धारा बनाने में जुट गये। वह समय ऐसा था जब निर्देशकों को नायक के समानान्तर एक उसी मयार का खलनायक चाहिए होता था जो परदे पर आखिरी तक हिम्मत न हारे, जिसके तेवर पैनेपन की हद तक नुकीले हों और जो नायक के दो घूँसे पर अपने भी दो घूँसे चलाने का दुस्साहस रखे। ऐसा खलनायक जो बेदर्दी से निर्मम होकर नाजुक नायिका की बाँह भी मरोड़ सके। विनोद खन्ना ने परदे पर ये सारे दुस्साहस किए और तेजी से अपना स्थान बनाते चले गये।

यह सच था कि विनोद खन्ना हिन्दी सिनेमा के परदे पर नायक बनने का स्वप्न लेकर ही आये थे। उनकी शिक्षा-दीक्षा बहुत अच्छी हुई थी। वे तीन बहनों के अकेले भाई थे और समृद्ध परिवार के बेटे थे। उनके परिवार ने उनको सिनेमा में अभिनय के क्षेत्र में किस्मत आजमाने के लिए पूरा प्रोत्साहन दिया था। विनोद खन्ना को, यह सच बात है कि बहुत कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा अपना स्थान बनाने के लिए लेकिन अपने दिनोदिन मजबूत होते स्थान पर बने रहने के लिए जरूर उन्होंने खूब परिश्रम किया, अनुशासन का पालन किया, हर प्रकार के जोखिम लिए जिनसे अक्सर सुरक्षित चलने वाले कलाकार पीछे हट जाया करते हैं और खासकर निर्देशक के लिए प्रत्येक अपेक्षाओं पर खरे उतरने वाले कलाकार के रूप में वे खूब तारीफ पाया करते थे। 

सत्तर का दशक भारतीय सिनेमा के लिए सबसे रोमांचकारी दस साल कहे जायेंगे जिसमें प्रतिभाओं ने खूब जमकर काम किया, स्वस्थ स्पर्धाएँ की और दर्शक समाज के सामने एक साथ छः-सात ऐसे चेहरों का सम्मोहन रचा कि दर्शक किसे चाहे, किसे छोड़े कहा नहीं जा सकता था। विनोद खन्ना सर्वश्रेष्ठ युवा खलनायक थे क्योंकि उस समय तक प्राण प्रौढ़ हो चले थे जो कि खलनायकों के राजा कहलाते थे। दूसरे खलनायक मदन पुरी, अनवर हुसैन, जीवन आदि जीवन और कैरियर के उत्तरार्ध में थे। परदे पर विनोद खन्ना का आना भी नायक के आने के बराबर मायने रखता था फिर चाहे वो कच्चे धागे हो, मेरा गाँव मेरा देश हो, पत्थर और पायल हो, रखवाला हो, सच्चा झूठा हो या ऐसी ही और कोई फिल्म। लेकिन खलनायकों में सुपरस्टार होने के बावजूद बड़ी ही सावधानी और अच्छे अवसरों के साथ उन्होंने नायक बनने की शुरूआत भी की। उनके कैरियर में गुलजार की फिल्म मेरे अपने की बड़ी भूमिका है। वहाँ से एक सम्भावना, एक रास्ता बना। पूरब और पश्चिम, मस्ताना, परिचय, अचानक, इम्तिहान के रास्ते हाथ की सफाई तक आना विनोद खन्ना जिसमें चाभी ने तार को नहीं छुआ, सायरन नहीं बजा और जोखिम पार हो गया। इसके बाद विनोद खन्ना अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र, शत्रुघ्न सिन्हा, सुनील दत्त आदि के साथ अनेकानेक फिल्मों में बराबर की भूमिकाओं में आते रहे। 

सकारात्मक चरित्रों में भी विनोद खन्ना का स्वागत हुआ। हालाँकि एक्शन फिल्मों में अंग्रेजी में कहा जाये तो उनके व्यक्तित्व के अनुरूप डेशिंग भूमिकाएँ लिखवायी जाती रहीं लेकिन उल्लेखनीय यह भी है कि इसी के समानान्तर विनोद खन्ना, गुलजार जैसे महत्वपूर्ण निर्देशक की प्रिय पसन्द रहे और उनके लिए हर सौंपी जाने वाली भूमिका को गम्भीरता से जिया फिर चाहे वो लेकिन हो या मीरा हो, पहले की फिल्म का तो खैर जिक्र पूर्व में आया ही। विनोद खन्ना सत्तर और अस्सी के दशक के दो प्रमुख सफल निर्देशकों प्रकाश मेहरा और मनमोहन देसाई की फिल्मों के सफल नायक रहे। उन्हें जे.पी. दत्ता ने बँटवारा और क्षत्रिय में अहम भूमिकाएँ सौंपी। वे यश चोपड़ा की फिल्मों चांदनी, परम्परा आदि में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाते रहे। फिरोज खान की वे पहली पसन्द रहे और दयावान में श्रेष्ठ भूमिका निभायी। और उल्लेखनीय फिल्मों में रिहाई, इन्कार, लीला, मार्ग, राजपूत, मैं तुलसी तेरे आंगन की, कुदरत आदि का उल्लेख आवश्यक है।

विनोद खन्ना इधर पिछले कुछ वर्षों में सलीम खान से अपने सदाबहार अच्छे रिश्तों के कारण वाण्टेड से लेकर दबंग तक फिल्मों का हिस्सा रहे। उनका निधन हिन्दी सिनेमा की एक बड़ी क्षति है। एक ऐसे अभिनेता का जाना है जो अपीयरेंस में, तेवर में और प्रभाव में अपने किसी भी समदर्शी से उन्नीस नहीं रहा............

शुक्रवार, 28 अप्रैल 2017

विनोद खन्ना


सधा हुआ और अनुशासित कलाकार


विनोद खन्ना पर लिखने के लिए बहुत गुंजाइश है। खासकर तब जब आप ऐसे नायक की फिल्में देखते हुए बड़े हुए हो, संघर्ष में रहे हो या रूमानी चेतना में आये हो, यह नायक आपके दिमाग में अपनी एक जगह के साथ मौजूद मिलता है। विनोद खन्ना का खलनायक होना याद है क्योंकि मेरा गाँव मेरा देश, पत्थर और पायल और कच्चे धागे जैसी फिल्म याद है। उनका सहनायक होना याद है क्योंकि हाथ की सफाई, हेराफेरी, परवरिश, मुकद्दर का सिकन्दर, अमर अकबर एंथनी याद हैं। उनका स्वतंत्र नायक होना याद है क्योंकि मेरे अपने, इम्तिहान से लेकर इधर बँटवारा तक की याद है। बीच-बीच की कुछ इन्कार जैसी फिल्में भी याद हैं जिसमें उनका रोल एकदम जेम्सबॉण्ड की तरह था। उनको शक और रिहाई फिल्‍म के लिए भी याद रखता हूँ।
कुछ अच्छी स्मृतियों के साथ कुदरत, राजपूत आदि को नहीं भूल सकता। गुलजार जैसे निर्देशक के साथ मेरे अपने, अचानक, परिचय, मीरा, लेकिन नहीं भूल सकता। विनोद खन्ना का परदे पर होना सम्मोहन के एक ऐसे प्रभाव का होना था जो मारक होता था, मादक होता था और भीतर से खासा मजबूत भी जब आप देख रहो हो, हाथ की सफाई में पर्स उड़ाते हुए वो रणधीर कपूर का हाथ पकड़ लेते हैं या अमर अकबर अंथनी में अंथनी अमिताभ बच्चन की दादागीरी, पुलिस का बेल्ट और वरदी उतारकर धुनाई करते हुए उतारते हैं।
वे फिरोज खान के साथ कुरबानी में बराबर की भूमिका लेकर आते हैं फिर यही फिरोज खान दयावान में अपनी भूमिका को छोटी और विनोद खन्ना की भूमिका को बड़ी विस्तारित कर देते हैं। इधर का उत्तरार्ध जो पिछले कुछ चार-पाँच-छः सालों का था, बड़ा दिलचस्प था जिसमें वे वाण्टेड, दबंग और दबंग-2 में सलमान के पिता बनते हैं। दबंग के दोनों भाग, खासकर दूसरा तो पिता-पुत्र की केमेस्ट्री का लाजवाब साक्ष्य है। विनोद खन्ना के पूरे कैरियर को आप देखिए, देखेंगे कि वो किरदार में कलाकार का जरा सा भी अतिरेक नहीं है बल्कि सधा हुआ और अनुशासित है। उसकी देहयष्टि, आँखें, हस्की आवाज और मुस्कान में बड़ी क्षमताएँ थीं जो नायक के रूप में औरों से कई बार ज्यादा प्रभावी होती थीं।
बॉलीवुड में इधर कुछ वर्षों क्या कई वर्षों से निर्मम होते रिश्तों और समाज की जितनी चर्चा होती है उतना ही धिक्कारा भी जाता है पर यह संवेदनहीनता उसका ही नहीं हमारे समाज का भी हिस्सा होती जा रही है। वातावरण विनोद खन्ना के शोक से तत्काल मुक्त होना चाहता है और बाहुबली के साथ सेलीब्रेट करना चाहता है। ठीक है, बाहुबली को आने दीजिए, ऐसा भी क्या, कुछ देर तो विनोद खन्ना की स्मृति के साथ रहिए................

गुरुवार, 20 अप्रैल 2017

कहानी

प्रतीक्षास्मृति.......



उस रात स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर तीन पर पीछे की तरफ एक खाली बैंच पर बैठे रेल का इन्तजार करते हुए मुझे लग रहा था कि जाती हुई सर्दी में यहाँ से वहाँ तक इक्के-दुक्के लोग ही दीख रहे हैं। मेरी रेल को दो घण्टे बाद आना था। अपने लिए मैंने खुली हवा वाली बेंच चुनी थी जो प्लेटफॉर्म की छत से आगे जाकर थी, जहाँ खुला आसमान, सामने और पीछे की पटरियाँ और उनमें आती-जाती रेलें अपनी आवाज और छाती पर उनकी ध्वनियों का प्रभाव शिथिल नहीं होने दे रहा था।

शिथिल होने से मेरा आशय सुस्ताने या सो जाने से है, हालाँकि अपने आपसे तय किए बैठा था कि किसी भी हाल में मुझे सोना नहीं है नहीं तो कब रेल आकर चली जायेगी, सोता रह गया तो पता नहीं चलेगा। अपने खाने को लेकर दस तरह के आग्रह रहते हैं तो घर से हठ किए जाने पर भी खाना लेकर नहीं आया था कि देर से खाया ठीक नहीं रहेगा। रेल चलेगी तो पेट हिलेगा, सोना मुश्किल हो जायेगा। लेकिन रेल की देरी की वजह से मुझे लगने लगा कि कुछ खाने को पास रहता तो कितना अच्छा होता, फिर वही घर में हुई बहस से ध्यान हटाते हुए मैं अभी-अभी सामने खाली हुई पटरी की ओर देखने लगा।

इधर दूर तक निगाह गयी तो जमीन पर इत्मीनान से ओढ़कर सो रहे यात्रियों को देखा, बड़े आश्वस्त होंगे, गाड़ी छूटने का डर न होगा, गाड़ी भी शायद इनकी सुबह ही आये.......यही सब सोचता हुआ। थोड़ी देर में पटरी चढ़कर आया एक लड़का सीधे मेरे पास आ गया और अपनी अल्यूमीनियम की केतली लहराते हुए मुझसे कहने लगा, बाबूजी चाय पियेंगे, अभी-अभी घर से बनाकर ले आ रहा हूँ, बढ़िया है, अदरक-इलायची पड़ी हुई..............मैंने उसको देखा। वाकई वो प्लेटफॉर्म का चाय वाला नहीं था। मैं उसको देखकर मुस्कुरा दिया, उत्तर में उसने कागज का कप भर दिया और मुझसे पैसे लेने ठहर गया। मैंने उसे दस रुपए दिये, तीन रुपये उसने जेब से खन्न से खूब सारी चिल्लर निकालकर गिने, मुझे दिये और आगे आवाज लगाता चला गया। हाँ, उसकी चाय वाकई अच्छी थी।  

चाय पी चुकने के बाद भी समय खूब बाकी था रेल आने में। मैंने अपना मोबाइल फोन निकाला, सबसे पहले वाट्सअप खोला, सोच रहा था इस समय कौन भला जागता होगा! जरूर वही जो मेरे जैसा घर और मंजिल के बीच अधर में, यहाँ प्लेटफॉर्म पर जाग रहा होगा। खैर सभी स्वाभाविक रूप से ऑफलाइन ही थे। मुझे हँसी आ गयी, चार घण्टे बाद तो सब शुरू होंगे ही सबकी सुबह की खैर मनाते हुए, दुआएँ देते हुए। फेसबुक में भी चहल-पहल नहीं के बराबर, बिल्कुल वैसे ही जैसे बीच रात को शहर और ध्वनियों का संज्ञान हम लेते हैं।

मैं सब जगह होकर आ गया। हाँ फेसबुक में कुछ छबियों को पसन्द करते हुए चिन्हित किया, कुछ के लिखे को भी पसन्द किया, कुछ ऐसे मित्रों के लिखे और दीखे को भी लाइक किया और सराहा जिनसे मुझे आगे कोई काम हो सकता था या जो मुझे काम हो सकने की स्थिति में जाने रहें या उदार रहें। हालाँकि अपने ऐसे सोच पर हँसी भी आ रही थी और कुछ असहजता का बोध भी लेकिन.........

खैर सच कहूँ तो इस पूरे बड़े बैठे व्यतीत होते अवकाश में मुझे तुम्हारी बहुत याद आयी। मुझे एकबारगी लगा कि तुम्हें जगा लूँ और तुमसे बात करूँ लेकिन फिर यही सोचकर रह गया कि तुम ठीक इस समय गहरी नींद में हो। गहरी नींद की कल्पना बड़ी अनुपम है। किसी को भी गहरी नींद में सोये देखो, कुछ सुन्दर से गाने भी ध्यान आये। गहन निद्रा जब सारे तनावों से मुक्त करके आती है तो वो सबसे पहले चेहरे को सारी व्याधियों से मुक्त कर देती है। वह एक सौम्य, सुदर्शन मुस्कान भी देती है। निद्रा की पूरी की पूरी आवृत्ति में दो या तीन करवटें निहित होती हैं। प्रतीत हो सकता है कि नींद न हो जैसे कोई सुखकारी यात्रा हो। ऐसी यात्रा जिसमें पहाड़ लांघ लिए जाते हैं, जिसमें नदिया उड़कर पार कर ली जाती हैं, जिसमें पैदल चलते हुए जैसे पंख लग जाते हैं। 

सारी बातें स्वाभाविक रूप से तुमको ही ध्यान में रखकर सोच रहा था। मुझे नींद के साथ ही ध्यान आया, अक्सर हम बहुत आनंदप्रदाता नींद को गहरी अथवा मीठी नींद कहकर परिभाषित करते हैं। तुम्हें याद होगा एक बार मैंने तुमसे कहा था कि तुम्हारे मन की मिठास और गहराई है ही ऐसी कि तुमको नींद जब भी आयेगी, वो तुम्हें आने के बाद मीठी और गहरी अपने आप ही हो जायेगी या यों कह लूँ बिना मीठी और गहरी हुए बच न पायेगी। तुमने उसके उत्तर में मुस्कुराते हुए कुछ अधिक ही सहज होकर अपने दोनों हाथों को आपस में बींध लिया था और मेरे सिर पर मार दिया था, हालाँकि बाद में सॉरी भी कहा था और बड़ी देर तक पूछतीं रहीं थीं कि मुझे सिर में लग तो नहीं गयी.............

प्लेटफॉर्म पर होने वाली उद्घोषणा मुझे अचानक ही सब जगह से हटा लेती है और जैसे मैं पल भर में सारे रूमान से बाहर आ जाता हूँ। नींद के मीठे और गहरे होने का एहसास, उस भरोसा दिलाकर अच्छी चाय पिलाने वाले लड़के का चेहरा, थोड़ी-थोड़ी दूर पर सोये यात्री.............और अब सच में थोड़ी ही देर में प्लेटफॉर्म पर आने वाली अपनी रेल के लिए मैं अपना मफलर अपने गले में फिर से संयोजित करने को होता हूँ। मफलर बाँये कंधे से पीछे मोड़ते हुए मुझे फिर तुम्हारा स्मरण हो आता है, हर बार की तरह तुम्हें याद करके फिर मुस्कुराता हूँ। आज भी तुम्हें अच्छी नींद आयी होगी, इसका विश्वास अपने आपमें पुख्ता करके खड़ा हो जाता हूँ। 

थोड़ी देर टहलूँगा कि रेल आ ही जायेगी। एक बार अपनी जगह पर पहुँचकर सामान रखकर लेट जाऊँगा तो मैं भी सो ही जाऊँगा.....

सोमवार, 17 अप्रैल 2017

A long interview with ratnottama sengupta about her father great script writer nabendu ghosh

अफवाहों की आँच पर सितारों की ज़िन्दगी

जल्‍दबाजी और श्रेय का शगल


सितारों की जिन्दगी अफवाहों की आँच पर तप रही है। अपने जमाने के सुपर खलनायक और बाद में हीरो बनकर भी राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और धर्मेन्द्र के समकालीन अपनी जगह बनाये रखने वाले विनोद खन्ना के नहीं रहने की खबर प्रायः इधर से उधर तक फैलायी जा रही है। सचमुच का वायरल बुखार जितना दुखदायी, हानिकारक और घबराहट-कोफ्त से भरा नहीं है उससे ज्यादा वायरल होती खबरों ने वातावरण को नकारा लोगों का ऐसा शगल बना दिया है कि लोग दिनभर इसी में दिमाग खब्त किया करते हैं। पिछले दो-तीन सालों में ये सबसे ज्यादा हुआ है। इसका सबसे ज्यादा, शायद दो-तीन बार शिकार हुए बोनी कपूर जिनके बारे में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें खूब सनसनी फैलाती रहीं। बाद में उनका खण्डन आता रहा। शुक्र है कि सही सलामत हैं और अपने काम से लगे हैं। दो महीने पहले अमिताभ बच्चन की वह फोटो जब उनके पेट में संक्रमण हुआ था, स्ट्रेचर पर ले जाते हुए मंकी कैप पहने, उस फोटो के साथ अप्रिय समाचार सारे आधुनिक माध्यमों से फैलना शुरू हो गया। लोग तमाम जगह पड़ताल करते नजर आये। तीसरा शिकार विनोद खन्ना हैं जिनकी एक रुग्ण अवस्था की तस्वीर के प्रकाश में आते ही लोगों ने अपना-अपना आकलन शुरू कर दिया। यह हद ही है कि एक चैनल जिसने शायद प्रत्याशा में कार्यक्रम बना ही रखा होगा, रोकने का लोभसंवरण न कर पाया और रविवार सुबह उसे प्रसारित करके ही राहत की साँस ली। आखिर उसे सबसे आगे जो रहना है.........।

फिल्मी दुनिया और अफवाहें एक दूसरे से बहुत जुड़ा करती हैं। आमजन को सितारों से जुड़ी खबरों को जानने में रस आता है। अंग्रेजी फिल्म पत्रकारिता ने इसकी शुरूआत बहुत पहले कर दी थी जब कलाकारों का फिल्मों में काम करना, फिल्म की प्रगति, घटनाएँ और फिल्म का पूरा होकर प्रदर्शित होना और इन सबसे पाठकों को अवगत कराना पहले उद्देश्य रहा करता था। बाद में पत्रिकाओं और उनके रिपोर्टरों, कॉलमिस्टों को लगा कि ये सूचनाएँ साधारण और रसहीन हैं तो उसके बाद सितारों के स्वभाव, उनकी विनम्रता, उनकी उग्रता, उनका दिलफेंक होना, रोमांस के किस्से, होटलों से लेकर बेडरूम तक अंग्रेजी फिल्म पत्रकारिता ने साहस-दुस्साहस दिखाया। हालाँकि उसके परिणामों का सामना भी करना पड़ा समय-समय पर पत्रकारों, रिपोर्टरों को जब उनको अपमान, बेइज्जती और हिंसा का सामना करना पड़ा लेकिन एक सिलसिला चल पड़ा तो फिर यह थमा नहीं। हिन्दी फिल्म पत्रकारिता में इसका प्रवेश सावधान और सहमे ढंग से हुआ क्योंकि हिन्दी फिल्म पत्रकार उतना खुलकर लिख नहीं सकते थे और न ही उनके अखबार या पत्रिका के घराने सालों सितारों से मुकदमा लड़कर उनके साथ सम्बन्ध ही बिगाड़ सकते थे। यह धारा लेकिन बन्द न हुई।

सिनेमा सौ साल पार कर गया, सिनेमा की पत्रकारिता भी उसी का अनुसरण कर रही है। पत्रकारिता का स्वरूप जो बिगड़ना शुरू हुआ था, वह और बिगड़ता चला गया है। आज यद्यपि स्थिति यह है कि हिन्दी में सिनेमा की पत्रिकाएँ बची ही नहीं हैं। जो बड़ी, अच्छी और महत्वपूर्ण पत्रिकाएँ हुआ करती थीं वे कभी की बन्द हो चुकी हैं। देश के अखबारों में सिनेमा को रोज ही एक-दो पन्नों में ग्लैमर के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है जिनमें एक जैसे स्रोत होने के कारण एक जैसी सूचनाएँ हैं। अंग्रेजी फिल्म पत्रिकाओं के पाठक और समाज दोनों ही बहुत सीमित है लिहाजा वहाँ का घटनाक्रम वहीं तक सिमटकर रह गया है। 

फेसबुक, ट्विटर और वाट्सअप ऐसे ही माध्यम हो गये हैं जिनमें ऐसी खबरों का सम्प्रेषण एक कान से दूसरे कान में कह देने और फिर दूसरे कान से तीसरे कान में संक्रमित कर देना ज्यादा आसान हो गया है। चिढ़ इस बात की है कि कल तक रोमांस, रिश्तों, लड़ाई-झगड़े की कानाफूसियाँ अब सीधे-सीधे इधर लक्षित हो गयी हैं कि समाज और वातावरण को भावनात्मक रूप से उसके प्रिय कलाकार के सम्बन्ध में जीवन से जुड़ी अप्रिय खबर फैलाकर व्यावधानित कर दो। एक बार देर रात मैं फेसबुक पर ऑनलाइन था, तब एक चर्चित कवि की पोस्ट में गम्भीर अस्वस्थ दारा सिंह को श्रद्धांजलि दे दी गयी। उनको तुरन्त कहा गया कि जीवित हैं तो उन्होंने हटा ली। बाद में दारा सिंह दो दिन बाद नहीं रहे थे। विनोद खन्ना को लेकर भी ऐसी ही अप्रिय सूचनाएँ टिप्पणी लेखक के पास चार दिन की अवधि में दो बार आयीं जिनमें अन्तिम यात्रा के दो चित्र भी शामिल थे जिसमें एक में अमिताभ बच्चन और दूसरे में रणधीर कपूर शामिल दिखायी दे रहे थे। इधर एक दिन पहले हद यह हो गयी कि मेघालय में विनोद खन्ना को सत्तासीन पार्टी के लोगों ने श्रद्धांजलि भी दे दी। इस बात पर आश्चर्य ही होता है कि क्या हम अपना विवेक पूरी तरह खो बैठे हैं? दौड़कर आगे निकल जाने, श्रेय बटोरने और खुद को महिमा मण्डित करने की ऐसी अफरातफरी में खुद की संवेदना, चरित्र और गरिमा को नहीं मारे डाल रहे हैं? ये हम कर क्या रहे हैं?







गुरुवार, 6 अप्रैल 2017

धर्मेन्द्र : शिकार, प्यार ही प्यार और रखवाला

शिकार करने को आये, शिकार हो के चले..........


इधर साठ के दशक के अन्तिम वर्षों में धर्मेन्द्र की कुछ फिल्में देखने का अवसर मिला, खासकर शिकार, प्यार ही प्यार और रखवाला। 68 से 71 के बीच ये फिल्में आयीं थीं तब वे साल में कम से कम सात-आठ फिल्में कर रहे होते थे। 66 में फूल और पत्थर से यह सितारा सिनेमा के आकाश में एक नक्षत्र की तरह जगमगा रहा था। शख्सियत के अनुरूप किरदार लिखे जा रहे थे जिनमें ज्यादातर पुलिस अधिकारी, सी आई डी अधिकारी, फॉरेस्ट ऑफीसर, जासूस टाइप के रोल हुआ करते थे। 68 के साल में ही रामानंद सागर ने आँखें बनाकर उनको गोल्डन जुबली सितारा बना दिया था। इस समय धर्मेन्द्र अपने प्रशंसकों को खूब मिल रहे थे। वे सामने से आते हुए अपने मुरीद की आँखों में अपने लिए जो प्यार देखते थे, वह उन जैसे मध्यमवर्गीय परिवेश से आये कलाकार के लिए अतुलनीय था।
एक मुलाकात में उन्होंने बताया था कि जब थोड़ा यहाँ जम गया और अपने पक्ष का समय हो गया तब माँ को बुला लिया था। वह पहली बार मुम्बई आयी तो शहर में प्रवेश करती रेल से उनको बाहर सिनेमा के बहुत से होर्डिंग और पोस्टर दिखायी दिये जिसमें अनेक धर्मेन्द्र के थे। उन पोस्टरों और होर्डिंग्स को देखकर माँ इतनी भावविभोर हो गयी कि उनको चक्कर आ गये और बेहोश हो गयीं। धर्मेन्द्र जब माँ को अपने बड़े से घर में लाये तो उनके अचम्भे का ठिकाना न था। माँ फिर जीवनपर्यन्त उनके साथ ही रहीं और उनका यश-वैभव देखकर आनंदित बनी रहीं।
शिकार, प्यार ही प्यार और रखवाला की बात करते हैं। इन फिल्मों के नायक धर्मेन्द्र निर्देशक के अभिनेता दिखायी देते हैं। उनका अपना आत्मविश्वास उनके किरदार को और स्मार्ट बनाता है। रोमांटिक दृश्य करना उनके लिए सदैव प्रीतिकर रहा। यह संयोग ही है कि उनकी नायिकाएँ ज्यादातर उनसे सीनियर होती थीं, सीनियर अर्थात फिल्मों में उनसे पहले से सक्रिय सो प्रायः फिल्मों में नायिका का नाम पहले आता था फिर धर्मेन्द्र का। धर्मेन्द्र में नायक होने या अच्छे मार्केट का दम्भ नहीं था इसीलिए वे दुराग्रहों में नहीं पड़ते थे। वे मुसीबत में फँसी नायिका को खलनायक के चंगुल से बखूबी बचाते थे।
संवेदनशील दृश्यों में उनका माँ, बहन या भाई के साथ होना, संवाद कहना अनूठा है। फिल्म में गाने, खासकर जो मोहम्मद रफी ने उनके लिए गाये, कमाल हैं। गानों का फिल्मांकन, नायिका के साथ उनका होना उस समय आपको एकाग्र करता है जब नाचती, खिली-खुली-डूबी नायिका के साथ उनको नाचने में बहुत सहज न हो पाने के बाद भी यथाकोशिश बेहतर दृश्य कर जाने की क्षमता पर सराहे बिना नहीं रहेंगे।
मुझे, रहने दो गिले-शिकवे..........रखवाला के गाने के उत्तरार्ध में लीना चन्द्रावरकर के साथ उनका नाचना बहुत पसन्द है.................प्रायः फिल्म के अन्त में जब वे सरप्राइजली पुलिस अधिकारी घोषित होते हैं तब दर्शक खूब ताली पीटता है.............

बुधवार, 5 अप्रैल 2017

हवलदार महावीर प्रसाद

नाटक

हवलदार महावीर प्रसाद 

लेखक - सुनील मिश्र
निर्देशक - मृदुला भारद्वाज एवं प्रथमेश त्रिवेदी
आभार - के. जी. त्रिवेदी
यू-ट्यूब पर 200 से अधिक दर्शक

किशोरी अमोणकर

क्‍या गुस्‍साना, क्‍या डूबकर गाना.....



विभूतियों का हमारे बीच बना रहना किसी भी रचनात्‍मक व्‍यक्ति को उससे एक भीने अनुराग से जोड़े रखता है। आप उनके बहुत अधिक निकट नहीं भी होते तब भी प्रतिभा और सर्जना का एक ऐसा अचूक अचम्‍भा आपको उस अनुभूति से पगाये रखता है जितना यथाक्षमता आप उनके बारे में जान पाते हैं।

किशोरी जी कल तक हमारे बीच असाधारण प्रतिभासम्‍पन्‍नता के साथ कायिक उपस्थिति के रूप में हमारी चेतना का हिस्‍सा थीं। अचानक गहराती रात उनके स्‍मृतिशेष होने का अकल्‍पनीय यथार्थ सामने ले आती है। आज अपरान्‍ह में यह विदुषी पंचतत्‍व में विलीन हो जायेंगी लेकिन विभूति के रूप में उनको और उनकी कमी को और ज्‍यादा अहसासा जायेगा......कुछ समय बाद जमाना, हम सब अपनी चाल में फिर चलते-फिरते नजर आयेंगे लेकिन यह दुखद सच है कि निरन्‍तर मूर्धन्‍यों का जाना और इस धरा से रिक्‍त होना बहुत असहज करता है..........

स्‍वर ऊष्‍मा भी होते हैं, ताप भी और मन पर शीतल चन्‍दन सा लेप भी। किशोरी अमोनकर जी को हम ऐसे ही स्‍मरण-स्‍फुरण में याद करेंगे। अमोल पालेकर ने एक घण्‍टे की एक सुन्‍दर फिल्‍म उन पर हाल ही कुछ वर्ष पहले बनायी थी, भिन्‍न षडज.......उस फिल्‍म को किशोरी जी के कृतित्‍व का सबसे महत्‍वपूर्ण दस्‍तावेज माना जा सकता है। फिल्‍म में किशोरी जी से एक लम्‍बा संवाद, टुकड़े-टुकड़े बातचीत और उनके सर्जनात्‍मक अवदान पर उनके समकालीन और अनुसरणीय संगीतज्ञों से चर्चा की गयी है जिनमें उस्‍ताद जाकिर हुसैन, पण्डित हरिप्रसाद चौरसिया, उस्‍ताद राशिद खाँ आदि शामिल हैं।

भोपाल इस मामले में सौभागी है कि यहाँ के रसिकों को कुछेक बार उनको सुनने के अवसर मिले। भारत भवन में वे 1995 में आयीं। 2007 में उनका आना हुआ और फिर 2013 में। एक बार तो सुबह की सभा में उनको यहाँ पर सुना गया। उनका सबसे बड़ा गुण अपने स्‍वभाव में होना था। वे मर्यादित और अनुशासित परिवेश की आग्रही कलाकार थीं। 

कण्‍ठ से लेकर मन तक किशोरी जी जिस विलक्षणपन को जीती थीं, वह अनूठा अद्भुत था। अब उनका सब याद रह जायेगा, गुस्‍साना और अतल गहराइयों में डूबकर गाना। वो विलक्षण सभा-संगत अब और देखने को नहीं मिलेगी.............


अलविदा किशोरी ताई.................

रविवार, 2 अप्रैल 2017

सान्निध्य / धर्मेन्द्र

एक महानायक से कुछ देर उनके मन की..........


इस बार कुछ अधिक समय हो गया है, उनसे मिले हुए। दो वर्ष पहले उनके जन्मदिन पर मुम्बई जाना इसलिए नहीं हो पाया था कि अपनी माँ के बिछोह से बेहद व्यथित था। बीते साल धरम जी का जन्मदिन नहीं मना क्योंकि जीवनभर उनके साथ रहने वाले, उनका साथ निभाने वाले उनके अनुज, छोटे भाई अजीत सिंह देओल (अभय के पिता) का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। धरम जी भावुक हैं, एक महानायक के रूप में हिन्दी सिनेमा के परदे पर यह शख्सियत अपने दर्षकों और चाहने वालों का जितना बड़ा भरोसा है, जीवन में उससे अधिक संवेदनषीलता और कोमलता को वे सहेजे-पोसे रखते हैं। जब धरम जी मुम्बई हिन्दी सिनेमा में अपनी किस्मत आजमाने आये थे, तब पीछे से उनके साथ उनके छोटे भाई अजीत भी आ गये थे। जो धरम जी से जुड़ा है वो अजीत भाई साहब का अर्थ भी जानता था जो घर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति, मुरीद, अतिथि का बड़ा ख्याल रखते थे। सबसे प्रेमपूर्वक मिलना, बैठना, बात करना, समय देना और खासकर वो समय जिसमें अतिथि के साथ प्रतीक्षा या इन्तजार जुड़ा हो, अजीत साहब उसके आतिथ्य का पूरा ध्यान रखते। बहुत ही कम मगर षौकिया तौर पर उन्होंने कुछ फिल्मों में अतिथि भूमिकाएँ भी कीं। जब बाॅबी देओल बरसात से साथ पहली बार फिल्म में आये थे, भतीजे की जिद पर चाचा अजीत ने फिल्म के क्लायमेक्स में ट्रेन ड्रायवर की भूमिका निभायी थी।

दो साल पहले जब अजीत सिंह देओल नहीं रहे तब धरम जी बहुत फूट-फूटकर रोये थे। अपने अनुज का इस तरह जाना उनको बहुत खलता है। वे आज भी अपनी माँ और पिताजी को उतना ही महसूस करते हैं और वह व्यथा उनके मन से मिट नहीं पायी है। भाई का जाना एक और बड़ा दुख है उनके लिए। वे धीमे से कहते हैं, अपने तो अपने होते हैं.......

मैं इस घटनाओं से भरे अन्तराल के बाद उनसे मिलने चला था। धर्मेन्द्र मेरे जीवन के नायक हैं। सभी चाहने वालों के कोई न कोई नायक होते हैं। मन-मस्तिष्क में महानायक की देवता सी उपस्थिति और है क्या! मुझे अचरज होता है कैसे सत्यकाम फिल्म का यह नायक मेरे मन में आकर ऐसा बैठा कि समय के साथ-साथ अनन्य फिल्मों से वह पैठ और भी स्थायी होती चली गयी। इसे अपनी खुषकिस्मती मानता हूँ कि लगभग दो दषकों में मुम्बई उस तरह से बहुत अपना लगने लगा जब से अपने मन की पैठ वाले धरमजी से मिलना शुरू हुआ। पहली मुलाकात जिसमें एक बड़ा और करीब-करीब पूरा सा ही साक्षात्कार हुआ, जिसको रेकाॅर्ड भी नहीं किया लेकिन ऐसा रट गया कि ठहरने वाली जगह आकर रात भर में पूरा का पूरा जस का तस लिख डाला था। लौटते समय लोकल ट्रेन में कब अंगूठी उतर गयी, यह भी पता नहीं लेकिन खुषी इस बात की थी कि स्वप्न पूरा हुआ था, धरम जी से मिलने का।

वह शुक्रवार की शाम थी जब मैं उनके घर जा सका था। वे प्रायः खण्डाला अपने फार्म हाउस में रहा करते हैं। आवष्यकतानुसार मुम्बई आया-जाया करते हैं। सिनेमा के प्रतिष्ठित समारोहों में उपस्थित होते हैं। अपनों से जुड़े लोगों के सान्निध्य का हिस्सा बनते हैं, स्वभाव के मुताबिक दुख-सुख बाँटते हैं, हल्का करते हैं। मुझसे भी पूछा इस बीच कैसा चलता रहा है सब, घर-परिवार के बारे में, कहाँ लिख रहा हूँ उसके बारे में। मैंने उनको अपने मातृषोक की बात कही जिससे वे व्यथित हुए और कहने लगे, माँ की जगह कोई नहीं ले सकता। मैं भी अपनी माँ को ढूंढ़ता हूँ। याद करो तो लगता है कि आसपास ही है वो मेरे। उन्होेेंने बताना चाहा कि बेटे के सदा आसपास ही होती है माँ। उन्होंने अपने बंगले के परिसर में लगे विषाल नीम के वृक्ष की ओर इषारा करके बताया कि ये मेरे पिता ने रोपा था। नन्हा सा पौधा। आज यह इतना बड़ा पेड़ बन गया। ये मुझे पिता की याद दिलाता है, धरम जी कहने लगे। इसकी शाखें, मेरे पिता की बाँहें हैं जिन्होंने मुझे गोद में उठाया है।

धरम जी के सामने से बाॅबी का छोटा बेटा दौड़कर निकल जाता है, वे और मैं दोनों ही उसको देखकर मुस्कुराते हैं। जिक्र एकदम करण (राजवीर), सनी के बेटे से आकर जुड़ जाता है। धरम जी की आँखों में चमक फैल जाती है जब वे कहते हैं उसको लांच करने जा रहे हैं। वे यह भी बतलाते हैं कि एक पटकथा पर काम चल रहा है जिसमें मैं, सनी और बाॅबी फिर एक साथ आयेंगे। बात इस तरह आगे बढ़ी कि करण को भी वही प्यार मिलेगा जो आपसे सब तक सबको मिलता आया है। इसके उत्तर में धरम जी एक लाइन बोलते हैं, शोहरत की सीढ़ी से मोहब्बत का मकाम बड़ा होता है। अपने दर्षकों के प्रति सदैव एहसानमन्द और शुक्रगुजार इस महानायक ने अपने चाहने वालों को हमेषा सिरमाथे पर बैठाया है। अक्सर ऐसे अवसरों का साक्षी हुआ हूँ जब उनके चाहने वालों की बड़ी संख्या उनके आसपास इकट्ठा हो गयी है और अपनी सुरक्षा करने वालों को सजग होते देख धरम जी ने उनको सहज और संयत रहने को कहा है। सबसे खूब मिलते हैं वे। देखा है कि अनेक बार उनके चाहने वाले ही उनका मजबूत सुरक्षा कवच बन जाते हैं। इतनी सब बातों के बीच फिर उनके चेहरे की ओर एकाग्र होता हूँ। चाय और बिस्कुट उनके साथ खाते हुए मैं कहता हूँ कि एक किताब पर काम करने का कब से मन है पर आपकी ओर से अनुमति चाहा करता हूँ कई बार। वे बात से बात जोड़ते हैं, मन करता है, अपनी फिल्मों को और खासकर उनसे जुड़ी घटनाओं को लिखूँ उस पर कोई किताब आये। मैं मन ही मन कौतुहल में भर गया, कैसा हो आप बोलें और कोई लिखकर आपसे जँचवा ले! ऐसे कुछ तैयार हो जाये। 

मैंने इतना जरूर कहा कि कम से कम एक ऐसी ही किताब मुझे करने दीजिए जिसमें उन दस, बीस या पच्चीस फिल्मों की विस्तार से चर्चा की जाये जो आपको स्वयं बेहद पसन्द रहीं। इस बात पर वे सजग हुए, उनका सजग होना अच्छा लगा। फिर उन्होंने एक-एक करके नाम लेना शुरू किए। उनमें दो-चार फिल्में मैंने वो भी जुड़वा लीं जो मुझे बहुत पसन्द हैं आज तक। यह काम मैं गम्भीरतापूर्वक नोट करके उतना ही सन्तुष्ट हुआ जैसे इस सोचे को कभी साकार कर सकने की स्थिति में सन्तुष्ट होऊँगा। 

मेरे जाने का समय होता आ रहा था। इसी बीच एक जाना-पहचाना चेहरा बेखटके बंगले से परिसर और परिसर से कमरे में दाखिल हुआ जिसने धरम जी के पैर छुए। ये गुरुबचन सिंह हैं, अपने समय के जाने-माने फाइट मास्टर और खलनायक। राज एन सिप्पी की फिल्म इन्कार मुझे आज भी याद है जिसमें अमजद खान के साथ गुरुबचन सिंह की पन्द्रह मिनट की फाइट खूब चर्चित हुई थी। धरम जी की अनेक फिल्मों में भी गुरुबचन ने उनसे अनेक घूँसे खाये हैं। उनको पहले भी इस बंगले में देखा है। अपनेपन में वे धरम जी के पास प्रायः आते हैं, पंजाबी में खूब बातें करते हैं, अच्छा लगता है।

इस बार लम्बे अन्तराल और अनेक भीतरी-बाहरी आवेगों और अनुभूतियों के बीच धरम जी से मिलना फिर लम्बे समय तक खुषी, सन्तुष्टि और ऊर्जा प्रदान किए रहेगा। अब आया हूँ तो बढ़िया काम लेकर आया हूँ, उन सब फिल्मों के नाम साथ में हैं, पास में हैं जो धरम जी को प्रिय हैं। उनको देखना शुरू करने से ही काम भी शुरू होगा। दुआ कीजिए, एक किताब हो जाये....




रविवार, 26 मार्च 2017

जीवन की पटकथ्‍ाा और नबेन्‍दु घ्‍ाोष


जन्‍मशती   
(27 मार्च 1917- 27 मार्च2017) 

बिमल राय जब मुम्बई गये, 1951 में माँ फिल्म बनाने, उस समय विभाजन के बाद का सिनेमा का परिदृश्य नरम, साहित्य का परिदृश्य नरम, न्यू थिएटर्स वाले भी परेशानियों में थे। वे एक फिल्म बनाने के लिए बॉम्बे टॉकीज आये पर वो अपनी टीम लेकर आये जिसमें उनके साथ नबेन्दु घोष भी थे क्योंकि लेखन और साहित्य के काम उन्हीं के जिम्मे होते थे। उस समय बॉम्बे टॉकीज की भी हालत खराब थी। उस समय दस माह से लोगों को तनख्वाह नहीं मिली थी। उस समय एस. एच. मुंशी ने बाप-बेटी फिल्म बनायी। इस फिल्म के लिए उन्हें साइन किया और उसके बाद किस तरह का संघर्ष शुरू हुआ, वह इसके आगे की बात है। बाम्बे टॉकीज से तनख्वाह मिलना शुरू होने तक यह संघर्ष चलता रहा। 
बाप-बेटी में एक लडक़ी की कहानी थी जो होस्टल में रहती है और सब लोग मिलकर उसे चिढ़ाते हैं कि कोई तुमसे मिलने नहीं आता। एक दिन वो लडक़ी स्टेशन पर जाती है और एक व्यक्ति के सामने जाकर उससे कहती है कि आप मेरे पापा हो। रंजन ने वो कैरेक्टर किया था। वो आश्चर्य में पूछते हैं, पापा? इस पर लडक़ी कहती है कि देखो आप मुझको न मत करना। मेरे दोस्त मेरे पीछे खड़े हैं, और वो मुझे बहुत चिढ़ाते हैं। आप बस हाँ-हाँ बोलते जाना, जो मैं कहूँ। एक दिन यह रिश्ता सचमुच ऐसा हो जाता है कि वो व्यक्ति उस बच्ची को एक पिता की तरह प्यार करने लगता है। उसमें एक सीन होता है कि उंगली पर उंगली रखकर झूठ बोलो तो उसमें कोई पाप नहीं लगता। 

ये कहानी उन्होंने पहले एस. मुखर्जी को सुनायी थी। इस पर एस. मुखर्जी ने कहा था कि ये कहानी अच्छी है पर मैं नहीं बनाऊँगा। पूछा गया, क्यों? तो वे बोले, क्योंकि आय एम ए बिजनेस परसन। उनसे पूछा, इसका मतलब? तो वे बोले, बिजनेस के लिए बहुत अच्छी कहानी भी अच्छी नहीं होती। उनसे नबेन्दु ने पूछा कि फिर बिजनेस के लिए क्या चाहिए? एस. मुखर्जी ने कहा कि उसके भी कुछ केलकुलेशन हैं। जैसे आप कोई खाना बनाते हो और उसमें स्वाद लाना चाहते हो, उसके लिए पाँच मसाले होते हैं। उसी तरह इसके भी स्पाइसेज होते हैं। उसकी प्रभाव में ये कहानी मुंशी जी ने सुनी और बनाना मंजूर किया। 51-52 में ये फिल्म बनी और इसके प्रदर्शन के बाद फिर बिमल राय ने दो बीघा जमीन बनाना तय किया और अशोक कुमार चाहते थे कि बिमल राय परिणीता निर्देशित करें। ये दोनों ही फिल्में एक साथ बनी थीं। 

मुंशी जी बिहार के रहने वाले थे। नबेन्दु उसी समय तीसरी कसम पर काम कर रहे थे। उनको किसी ने बताया था कि मैला आँचल बहुत ही मर्मस्पर्शी और ग्राह्य करने वाला उपन्यास है, रेणु का। नबेन्दु ने वो उपन्यास पढ़ा और तय किया कि मुझे इस फिल्म पर काम करना है। यह डाग्दर बाबू के बनने का प्रसंग है। मुंशी जी ने नबेन्दु दा को कहा कि यदि आप करेंगे तो हम इसे प्रोड्यूज करेंगे। इसकी तैयारी तब से थी, साठ के दशक से लेकिन इसकी शुरूआत में ज्यादा समय लग गया। शूटिंग की गयी बिहार में। रेणु तब थे। धर्मेन्द्र तब डॉक्टर का रोल कर रहे थे। जया भादुड़ी और उत्पल दत्त की बेटी बनी थीं। उसमें और भी बहुत सारे कैरेक्टर, बहुत अच्छे-अच्छे लोग थे। अजितेश बंदोपाध्याय, बहुत सारे और भी। शूटिंग अस्सी प्रतिशत हो गयी थी। उसी समय निर्माता और वितरक में कुछ असहमतियाँ हो गयीं, तो उन्होंने आगे फिल्म को पूरा ही नहीं किया। बीस प्रतिशत काम बाकी रह गया था। इस फिल्म में संगीत आर.डी. बर्मन का था। बड़ा ही खूबसूरत संगीत। आंचलिक आस्वाद का, मेलोडियस, गेय प्रभाव से भरा। आशा जी ने इसमें गाया था। एक गाना लता जी का था। इस गाने की रेकॉर्डिंग तब नहीं हुई थी। पंचम का यह काम बड़ा महत्वपूर्ण था। दो गाने तो बहुत ही अच्छे थे। 

बहुत दिनों बाद नबेन्दु घोष एक फिल्म निर्देशित कर रहे थे, प्रेम एक कविता। अशोक कुमार, इन्द्राणी मुखर्जी, ऐसे ही और लोग थे। सौमित्र चटर्जी उसमें काम करने वाले थे। अशोक कुमार-सौमित्र चटर्जी, जैसे बन्दिनी में एक उम्रदराज और एक युवा। वैसी ही कहानी लगभग। उसके लिए एस.डी. बर्मन ने गाना रेकॉर्ड भी किया था। दो गाने थे, उसमेें। एक गाना था, नींद चुराए, चैन चुराए, जो बाद में अनुराग फिल्म में ले लिया गया। उसमें अच्छी बात तो यह रही कि वो गाना भी आगे आया और अलग इस्तेमाल हुआ। कई बार ऐसा होता है कि किसी के लिए तैयार किया गया मगर वहाँ उसका इस्तेमाल नहीं हो पाया। दुख होता है कि आर.डी. बर्मन के गाने जो उन्होंने डाग्दर बाबू के लिए कम्पोज किए थे, वो कई काम में भी नहीं आ पाये, इस्तेमाल भी नहीं हुए और खो गये। डाग्दर बाबू के प्रोड्यूसर भी गुजर गये। उनके बेटे थे, पता नहीं उन्होंने क्या किया। बाद में मेरे भाई ने भी पता लगाना चाहा मगर कुछ पता नहीं चला। अधिकार की लड़ाई थी। निर्माता ने वितरक से पैसे लिए थे, उसी की वजह से सब बिगड़ गया। 

एक और दूसरी फिल्म नबेन्दु घोष बनाने वाले थे, उसका भी किस्सा है, बनी नहीं वो भी। गौरीचंद्र, वो गुरुदत्त बनाने वाले थे। गीता दत्त उसमें काम करने वाली थीं। वो भी फिल्म नहीं बनी और ये मोतीलाल पादरी जो आखिरी फिल्म उनकी है, अगर ये फिल्म बनती, जैसी कि उनकी इच्छा थी, त्रयी बनाने की जब उन्होंने तृषाग्रिी बनायी थी। तृषाग्रि का जो कोर है, ये एक संत जो भगवान, ईश्वर, अल्लाह, गॉड किसी भी नाम को कह लीजिए, से सीधे सरोकार स्थापित करने के भ्रम को जीता है। एक दिन उसका विश्वास डगमगाता है, उस विश्वास के डगमगाने की कहानी थी तृषाग्रि। मोतीलाल पादरी, एक पादरी व्यक्ति की कहानी थी। ये भी वही कहानी थी कि एक आदमी अपने विश्वास को ही अस्थिर होते देख रहा है। एक दिन वह इस बात को महसूस करता है कि यह किस तरह का यथार्थ है? मैं दुनिया को ज्ञान दे रहा हूँ मगर अपने भीतर के अंधकार का क्या करूँ? नबेन्दु दा ने जब तृषाग्रिी बनायी थी तभी वे सत्तर साल के हो चुके थे। वे उस समय दूसरी फिल्म मोतीलाल पादरी बनाना चाहते थे। एक तीसरी फिल्म उनके मन में पण्डित कैरेक्टर को लेकर थी। एक निर्देशक के रूप में यदि वे ये फिल्में बना पाते तो उनकी पहचान और होती, निश्चित ही। 

नबेन्दु घोष ने अपने जीवन में सृजनात्मक सक्रियता के साथ बहुत सारी छबियों को सराहनीय ढंग से जिया और लोगों में आदर की निगाह से देखे गये। उन्होंने जितनी कहानी लिखी हैं, जितने उपन्यास लिखे हैं वो अपने आपमें विलक्षण  है। इतना व्यापक, विविध और प्रशंसनीय लेखन सचमुच कई बार अचम्भित करता है।
#nabendughosh